दिल्ली की सड़कों पर मलबा डाला तो होगा केस, मंत्री प्रवेश वर्मा का कड़ा संदेश!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (05 अप्रैल 2025): पूर्वी दिल्ली की सड़कों पर मलबा डाले जाने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। खासकर यमुनापार के इलाकों में जगह-जगह फैले मलबे के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है और वायु प्रदूषण भी तेजी से बढ़ रहा है। अब इस पर सख्त रवैया अपनाते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दिल्ली सरकार की सड़कों पर मलबा डालने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।

शुक्रवार को मंत्री प्रवेश वर्मा ने विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस निरीक्षण में उनके साथ पीडब्ल्यूडी, पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय विधायक ओपी शर्मा ने मंत्री को कड़कड़ी मोड़ से लेकर टेलको प्वाइंट तक सड़कों की स्थिति दिखाई, जहां कई जगहों पर मलबे के ढेर देखे गए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री को बताया गया कि पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर रोजाना मलबा डाला जा रहा है, लेकिन इसके खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं होती। खासतौर पर स्वामी दयानंद मार्ग जैसे व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही के बीच मलबा और ज्यादा परेशानी खड़ी करता है। मंत्री ने इसे दिल्ली के सौंदर्यीकरण की योजना के खिलाफ बताया।

कड़कड़ी मोड़ जैसे मुख्य चौराहों पर मलबे का ढेर यातायात बाधित कर रहा है। स्थानीय लोगों ने मंत्री को बताया कि यहां पर हर रोज जाम लगता है। इसके बाद मंत्री बालको अपार्टमेंट पहुंचे, जहां के निवासियों ने उन्हें सफाई और मलबे की समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने आरोप लगाया कि निगम खुद ही पीडब्ल्यूडी की सड़कों को मलबा डालने के लिए उपयोग कर रहा है।

इस पर मंत्री ने सख्ती से कहा कि दिल्ली सरकार की सड़कों पर मलबा डालने का निगम को कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि जो भी मलबा डाले, उसके खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया जाए और संबंधित वाहन को जब्त किया जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली को सुंदर बनाने की दिशा में यह मलबा बड़ा अवरोधक बन रहा है।

प्रवेश वर्मा ने यह भी चेताया कि यदि आगे से किसी भी विभाग या व्यक्ति ने दिल्ली सरकार की सड़कों पर मलबा डाला तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर की जाए और सड़कों को मलबा मुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।